‘इसराइल की साख हुई कमज़ोर’, युद्धविराम पर इसराइली मीडिया जता रहा है चिंता
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान पहले से कहीं अधिक कमजोर है और इसराइल पहले से कहीं अधिक मजबूत

ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम की घोषणा के बाद इसराइली मीडिया ने इस समझौते पर नाराज़गी जताई है.
इसराइली मीडिया का कहना है कि इस युद्ध का कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं हुआ.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार तड़के ईरान के साथ 14 दिनों के युद्धविराम और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने की घोषणा की थी.
उन्होंने ये घोषणा होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के लिए दी गई अपनी डेडलाइन ख़त्म होने के ठीक पहले की थी.
इसराइली मीडिया ने पहले अनुमान लगाया था कि समझौते के लिए चल रही बातचीत नाकाम रहेगी.और लड़ाई और तेज हो जाएगी. ख़ासकर दक्षिणपंथी टिप्पणीकार इस बढ़त के पक्ष में थे.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने पहले सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अंग्रेज़ी में पोस्ट कर कहा कि इसराइल “ट्रंप के दो हफ़्ते के लिए हमले रोकने के फै़सले का समर्थन करता है.”
बाद में उन्होंने हिब्रू में भी एक विस्तृत पोस्ट डाला. उन्होंने कहा कि इसराइल के कुछ लक्ष्य अभी बाकी हैं. उन्हें या तो समझौते के जरिये हासिल किया जाएगा या फिर लड़ाई से.
इसराइल के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ‘केन’ ने एक अनाम सूत्र के हवाले से कहा कि सरकार “ट्रंप के फ़ैसले से हैरान थी” और उन्हें “आख़िरी समय में जानकारी दी गई.”



